पेड़ों पर लगने वाली सब्जियां चूंकि कम पानी, ज्यादा धूप और गहरी जड़ों से खूब सारे खनिज खींचने की क्षमता रखती हैं, इसलिए इन सब्जियों में खनिज तत्व, एंटीऑक्सीडेंट्स और फाइबर की मात्रा जमीन पर लगने वाली सब्जियों से काफी ज्यादा होती है। उदाहरण के लिए सहजन या मोरिंगा जिसकी फलियां पेड़ पर लगती हैं, उनमें जमीन पर उगने वाली या जमीन में लगने वाली किसी भी सब्जी से ज्यादा विटामिन ए, विटामिन सी, विटामिन बी6, कैल्शियम, पोटेशियम की काफी ज्यादा मात्रा पायी जाती है। सहजन की पत्तियों को सुपरफूड माना जाता है, क्योंकि इससे ब्लड शुगर कंट्रोल होती है। शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत होती है। थायरॉयड और एनीमिया में फायदा होता है। इसलिए पेड़ में लगने वाली मोरिंगा की सब्जी को स्वास्थ्य के लिए सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। पेड़ में लगने वाली दूसरी महत्वपूर्ण सब्जी है कटहल। कटहल को प्लांट बेस्ड मीट भी कहते हैं। इसमें प्रोटीन, पोटेशियम और फाइबर की भरपूर मात्रा होती है। कच्चा कटहल पाचन के लिए अच्छा होता है, क्योंकि इसमें शुगर बहुत कम होती है। जबकि इसका बीज आयरन से भरपूर होता है और जिनको रक्ताल्पता की बीमारी होती है, उनके लिए यह बीज बहुत फायदेमंद होता है। साथ ही कटहल में पेट भरा रखने वाला फाइबर भी हासिल होता है, जिससे हमारा वजन नियंत्रित रहता है।
पेड़ में लगने वाली एक अन्य सब्जी है केले का फूल यानी बनाना ब्लोसम, इसे कुदरत का सबसे अच्छा हार्मोनल बैलेंसर माना जाता है और यह महिलाओं के लिए विशेष रूप से फायदेमंद होता है। इसमें आयरन, फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और डायबिटीज तथा पीसीओडी को नियंत्रण में रखने में मदद मिलती है। यह पेट को शांत करता है। इसी क्रम में पेड़ पर लगने वाली एक अन्य सब्जी है कंदाल यानी ब्रेड फ्रूड। यह वास्तव में ऊर्जा और फाइबर का भंडार होती है। इसमें उच्च स्तर का स्टार्च हासिल होता है, जो तुरंत ऊर्जा देता है। इसमें अच्छी क्वालिटी का फाइबर मिलता है, जिससे कोलन की सफाई होती है। यह ग्लूटेन फ्री होता है तथा केरल और कर्नाटक में औषधीय उपयोग में आता है। पांचवीं महत्वपूर्ण पेड़ पर लगने वाली सब्जी है- बेल का कच्चा हिस्सा। यह वास्तव में पेट के रोगों के लिए बेहद लाभकारी है। कच्चे बेल की कढ़ी और सब्जी के रूप में खाना से एक तरह से औषधीय फायदे मिलते हैं। आतं में संक्रमण हो, दस्त लगे हों और गैस से पीड़ित हो तो यह सब्जी बहुत फायदेमंद होती हैं। इस तरह देखें तो पेड़ में लगने वाली सब्जियां स्वास्थ्य के लिए बहुत अच्छी होती हैं।